जशपुर।    छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में कुनकुरी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और वर्तमान विधायक यूडी मिंज के खिलाफ महिला से अभद्रता  करने के मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। मिंज विधायक के साथ संसदीय सचिव भी हैं, जिनके खिलाफ महिला ने जशपुर के कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बीते दिनों सोशल मीडिया में छत्तीसगढ़ के कुनकुरी से विधायक यूडी मिंज का एक वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें मिंज महिला से दुर्व्यवहार करते और अपशब्द बोलते नजर आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि महिला कथित रूप से भाजपा का फार्म भरवा रही थी जिसके बाद विधायक और उनके कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किया गया। इसका महिला द्वारा वीडियो बनाया गया जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर कुनकुरी से बीजेपी प्रत्याशी विष्णु देव साय के समर्थकों ने कुनकुरी थाना घेराव के साथ एनएच 43 जाम कर दिया। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। वहीं अब पुलिस ने विधायक मिंज और उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज किया है।

अब आगे मामला कोर्ट‌ तक जाएगा। यूडी मिंज कुनकुरी विधानसभा सीट‌ से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। चुनाव के बीच कांग्रेस प्रत्याशी पर किसी महिला के साथ अभद्रता का मामला पार्टी को नुकसान भी पहुंचा सकता है। भाजपा के सरगुजा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ विधायक के रूप में एक मुद्दा मिल गया है। इसे भाजपा क्षेत्र में भुनाने की पूरी कोशिश करेगी।

You may also like